home page

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने विशेष शिविर का आयोजन

 | 

मुंबई, 15 अक्टूबर (हि.स.)। वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने और उसमें सुधार के लिए महाराष्ट्र में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, महाराष्ट्र और भारत निर्वाचन आयोग की ओर से आयोजित इस अभियान के तहत 17, 18, 24 और 25 अक्टूबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। लोग 26 अक्टूबर तक निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन जमा कर सकेंगे।

वोटर लिस्ट में नाम या विवरण से जुड़ी समस्या होने पर नागरिक 1950 हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी और मतदाता पंजीकरण अधिकारी कार्यालयों के सहायता केंद्रों से भी मार्गदर्शन मिलेगा। चुनाव आयोग की ओर से साफ किया गया है कि हमारी पूरी कोशिश रहेगी कि एक भी पात्र व्यक्ति वोटर पंजीयन से वंचित न रहे।

अभियान के दौरान बूथ स्तरीय अधिकारी मतदाताओं को पंजीकरण, नाम में सुधार और अन्य प्रक्रियाओं में सहायता करेंगे। नए वोटरों को सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म नंबर 6 भरना होगा। नाम हटाने के लिए फॉर्म नंबर 7, जबकि पते में बदलाव, विवरण में सुधार, नया मतदाता पहचान पत्र और दिव्यांग मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए फॉर्म नंबर 8 का उपयोग किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार