home page

महाराष्ट्र के सभी नर्सिंग कॉलेजों के लिए लागू होगी एसओपी

 | 

मुंबई, 01 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के सभी नर्सिंग कॉलेजों में अनुशासन, नियमितता और विद्यार्थियों की सुरक्षा के मामले में स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) लागू की जाएगी। इसके लिए शीघ्र कार्यवाही की जाएगी। यह जानकारी बुधवार को विधान सभा में स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने दी।

नागपुर सेंट्रल सीट से बीजेपी विधायक प्रवीण दटके व अन्य विधायकों ने गोंदिया के जिला जनरल हॉस्पिटल के तहत आने वाले सरकारी नर्सिंग ट्रेनिंग स्कूल की 45 छात्राओं को जहर दिए जाने मामला सदन में उठाया था। इसके जवाब में मंत्री आबिटकर ने कहा कि इस घटना के बाद जिला सर्जन, केटीएस जनरल अस्पताल, गोंदिया द्वारा गठित जांच कमेटी और एफडीए की रिपोर्ट में पाया गया कि छात्राओं को दिए गए खाने से कोई ज़हर नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि गोंदिया के नर्सिंग ट्रेनिंग स्कूल के हॉस्टल में छात्राओं को दिए जाने वाले खाने और पीने के पानी की नियमित जांच की जा रही है। छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर जरूरी सावधानी बरती जा रही है। ऐसी घटनाओं को रोकने और मैनेजमेंट में एक समानता लाने के लिए राज्य के सभी नर्सिंग कॉलेजों में एसओपी लागू की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार