मुंबई हवाई अड्डे पर मस्जिद तोड़ने पहुंचे सोमैया
मुंबई, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार को मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास मस्जिद तोड़ने पहुंचे। उन्होंने 'हथौड़ा रैली' का आयोजन किया था। हालांकि कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंकाओं के बीच मुंबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
सोमैया का आरोप है कि हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 के पास वीआईपी अराइवल गेट के पास करीब 5,000 वर्ग फीट सरकारी जमीन पर अवैध मस्जिद बनाई गई है। दो दिन पहले उन्होंने वहां विरोध प्रदर्शन किया था और मस्जिद को 48 घंटे के अंदर हटाने की चेतावनी दी थी। उन्होंने दावा किया था कि गैर-कानूनी तरीके से यहां मस्जिद बनाई गई है। यदि इसे नहीं हटाया गया तो यहां स्थाई कब्जा हो जाएगा। उन्होंने खुद हथौड़ा लेकर आने की चेतावनी दी थी। वे शनिवार को हवाई अड्डे के पास फिर पहुंचे। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ 'जेल भरो' और सत्याग्रह आंदोलन किया। सुरक्षा व्यवस्था और तनाव को देखते हुए पुलिस ने सोमैया और बीजेपी के करीब 100 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता वारिस पठान ने सोमैया के इस कदम का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने इसे गुंडागर्दी व राजनीतिक ध्रुवीकरण करार देते हुए मुंबई पुलिस कमिश्नर से पिछले दिनों मुलाकात करके सौमैया की शिकायत की थी। इधर मस्जिद पक्ष का दावा है कि यह निर्माण विधिवत अनुमति से हुआ था। मामला हाईकोर्ट और एमएमआरडीए के पास लंबित है। जबकि सोमैया और हिंदूवादी संगठनों का कहना है कि अदालत में कोई मामला लंबित नहीं है। संबंधित प्रशासनिक प्राधिकरण ने भी इसे ढांचे को गैर-कानूनी माना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

