home page

फायर स्टेशनों की छत पर लगेंगे सोलर पैनल

 | 

मुंबई, 12 नवंबर (हि.स.)। मुंबई महानगरपालिका ने पर्यावरण सुरक्षा और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए अग्निशमन दल के 10 केंद्रों और भायखला स्थित मनपा प्रिंटिंग प्रेस की छत पर सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करने का निर्णय लिया है। इन 11 स्थानों पर कुल 700 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट लगाए जाएंगे। इस परियोजना पर करीब 4.68 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

मनपा की स्थायी समिति और स्थापत्य समिति (शहर) के समक्ष इस आशय का प्रस्ताव पेश किया गया है। कुलाबा अग्निशमन केंद्र में 55 किलोवाट, दादर में 60 किलोवाट, नरीमन पॉइंट में 50 किलोवाट, बांद्रा में 65 किलोवाट, बोरीवली में 75 किलोवाट, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में 35 किलोवाट, गोरेगांव में 30 किलोवाट, दिंडोशी में 35 किलोवाट, मुलुंड में 65 किलोवाट और मानखुर्द में 60 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित की जाएगी. वहीं, भायखला स्थित मनपा प्रिंटिंग प्रेस में बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली के साथ 100 किलोवाट और इसके अतिरिक्त 70 किलोवाट क्षमता का प्रोजेक्ट प्रस्तावित है।

इस काम के लिए मनपा की ओर से आमंत्रित ई-निविदा प्रक्रिया में पांच कंपनियों ने हिस्सा लिया था। इनमें सेवन ग्रीन्स सोलर सिस्टम्स प्रा. लि. कंपनी ने प्रशासन के अनुमानित खर्च से 53.16 प्रतिशत कम दर पर निविदा पेश की। सबसे कम बोली होने के कारण प्रशासन ने कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा था। कंपनी की ओर से दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक पाया गया है। कार्यादेश मिलने के बाद मानसून अवधि को छोड़कर छह महीने के भीतर काम पूरा करने की योजना है। परियोजना के रखरखाव और मरम्मत को लेकर कड़े नियम तय किए गए हैं। यदि सालाना बिजली उत्पादन निर्धारित क्षमता से कम रहता है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई करने का प्रावधान भी प्रस्ताव में किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार