home page

वन विभाग की कार्रवाई: सब्जियों की आड़ में तस्करी के लिए जा रहे खैर के 77 लट्ठे बरामद

 | 
वन विभाग की कार्रवाई: सब्जियों की आड़ में तस्करी के लिए जा रहे खैर के 77 लट्ठे बरामद


मुंबई, 27 जुलाई, (हि. स.)। पालघर जिले के विरार पूर्व के मेढ़े क्षेत्र में सब्जियों से भरे टेम्पो की आड़ में खैर की लकड़ी की तस्करी की कोशिश भाताणे वन क्षेत्र की टीम ने नाकाम कर दी है। कार्रवाई के दौरान टेम्पो सहित अवैध लकड़ी जब्त कर ली गई, जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि मेढ़े इलाके से खैर की लकड़ी की अवैध तस्करी होने वाली है। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने नाकाबंदी कर एक संदिग्ध टाटा टेम्पो को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। वन विभाग की टीम ने करीब सात से आठ किलोमीटर तक पीछा कर टेम्पो को रोक लिया। हालांकि चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। वाहन की तलाशी लेने पर ऊपर सब्जियां और नीचे छिपाकर रखे गए खैर के 77 लट्ठे बरामद हुए। जब्त लकड़ी का कुल घनफल 1.284 घनमीटर है। तस्करी में प्रयुक्त टेम्पो को भी जब्त कर लिया गया है। वन अधिकारी ने बताया कि फरार चालक और तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा उनके विरुद्ध वन अधिनियम के तहत मांडवी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार