home page

रूठा मानसून, 20 जुलाई के बाद पकड़ेगा रफ्तार

 | 

मुंबई, 14 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र में जुलाई महीने की शुरुआत में कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई, लेकिन अब मानसून ने विश्रांति ले ली है। इससे गर्मी बढ़ गई है। राज्य के कई हिस्से अभी भी सूखे हैं। इस बीच मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान लगाया है कि 20 जुलाई के बाद मानसून फिर रफ्तार पकड़ सकता है.

इस साल ग्लोबल वार्मिग का असर तेजी से देखा जा रहा है। प्रशांत महासागर में 'एल नीनो' की स्थिति से पूरा मानसून प्रभावित हुआ है। अफगानिस्तान से आ रही शुष्क हवाओं ने भी असर डाला है। मानसून के बादल गायब हैं। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य में बारिश की संभावना कम है. मॉनसून को मजबूत करने वाले वेदर सिस्टम की कमी की वजह से कुछ हिस्सों में हल्की बौछारों को छोड़कर बारिश नहीं हो रही है और यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की बौछारों का अनुमान है।

बुधवार से शनिवार के बीच विदर्भ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में हल्की बौछारें दर्ज की जाने की उम्मीद है। आधा महाराष्ट्र अभी भी सूखा है और कुछ इलाकों में औसत से कम बारिश दर्ज की गई है। इस वजह से चिंताएं जताई जा रही हैं। हालांकि बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का डिप्रेशन बन रहा है। 20 जुलाई के बाद फिर मानसून के जोर पकड़ने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार