चेंबूर में 6 मजदूर गिरे, एक की मौत
मुंबई, 28 फरवरी (हि.स.)। चेंबूर के सुभाष नगर इलाके में शनिवार को एक निर्माणाधीन इमारत से छह मजदूर गिए गए। इस घटना में एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक की हालत नाजुक बनी हुई है। बाकी 4 की हालत स्थिर बताई जा रही है।
चेंबूर के सुभाष नगर इलाके में कई पुरानी इमारतों का रीडेवलपमेंट का काम चल रहा है। इमारत क्रमांक 36 का भी रीडेवलपमेंट का काम चल रहा है। शनिवार को इस निर्माणाधीन इमारत की आठवीं मंज़िल से छह मजदूर गिर गए। सभी घायलों को तुरंत घाटकोपर के राजावाड़ी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनमें से एक की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर है।
बीएमसी से मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में रामाल्लू (55), गुणाधर राय (22), उसराई (30), रमेश राय (25), विजय (35) और
संदीप (27) घायल हो गए। सभी को नजदीकी राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें से रामाल्लू की मौत हो गई, जबकि गुणाधर राय की हालत चिंताजनक बनी हुई है। बाकी चार मजदूरों का इलाज ट्रॉमा वार्ड में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

