घाटकोपर इलाके के एक घर में आग लगने से छह लोग झुलसे, दो की हालत गंभीर
मुंबई, 24 नवंबर (हि.स.)। घाटकोपर (ईस्ट) के 90 फीट रोड स्थित साईं नगर में सोमवार दोपहर एक घर में अचानक लगी आग में चार बच्चों समेत छह लोग झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने की यह घटना दोपहर करीब 12:49 बजे घटी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया।
मुंबई महानगरपालिका के प्रवक्ता के अनुसार, आग लगते ही फायर ब्रिगेड कर्मियों ने घर में मौजूद प्रतीक कुमार मुखिया (10), गौरी मुखिया (10), पूजा मुखिया (6), प्रशांत विश्वकर्मा (9), देवी मुखिया (40) और नागेश्वर मुखिया (45) को घर से बाहर निकाला और फिर सबा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, देवी मुखिया और नागेश्वर मुखिया की स्थिति चिंताजनक है। आग में घर का अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया है। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

