home page

मानखुर्द में घर ढहने से छह लोगों की मौत, एक घायल

 | 

मुंबई, 5 जुलाई (हि.स.)। मुंबई के पूर्वी उपनगर मानखुर्द के जनता नगर इलाके में रविवार की देर श्याम शाम भारी बारिश के कारण एक घर ढह गया इसमें 6 लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जनता नगर स्थित हनुमान मंदिर के पीछे चॉल नंबर-5 में ग्राउंड प्लस तीन मंजिला संरचना का एक हिस्सा अचानक ढह गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में दो से तीन झोपड़ीनुमा मकान मलबे में दब गए। आशंका जताई गई कि कई लोग मलबे के नीचे फंसे हुए थे। घटना रात करीब 8:30 बजे हुई। हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई मनपा का अग्निशमन दल, स्थानीय पुलिस, संबंधित वार्ड का स्टाफ और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया।

मलबे के नीचे दबे लोगों को नजदीकीशताब्दी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के चिकित्सा अधिकारियों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में कुल पांच घायलों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल थे। चिकित्सकों ने सभी पांचों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा, बचाव अभियान के दौरान एक अन्य व्यक्ति का शव भी बरामद किया गया।

अब तक इस हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक व्यक्ति घायल बताया गया है। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। आशंका है कि मलबे में अन्य लोगों के भी फंसे होने की संभावना है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

प्रशासन ने क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और बचाव दल मलबा हटाने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चला रहे हैं। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार