home page

नालासोपारा ब्लैकमेलिंग व कथित धर्मांतरण मामले की एसआईटी करेगी जांच

 | 

मुंबई, 15 अक्टूबर, (हि. स.)। नालासोपारा में हिंदू युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर कथित यौन शोषण करने, अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने और कथित धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोपों की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जाएगा। मीरा भायंदर-वसई विरार आयुक्तालय के पुलिस कमिश्नर निकेत कौशिक के मुताबिक, इस टीम में डीसीपी स्तर के अधिकारी और एक कानूनी सलाहकार शामिल होंगे। पुलिस के अनुसार, आरोपी आरिफ शेख के खिलाफ अब तक चार मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें दो युवतियों और एक नाबालिग से जुड़े मामले शामिल हैं। अलग-अलग शिकायतों में सोशल मीडिया के जरिए पहचान बढ़ाने, शादी का झांसा देकर संबंध बनाने, अश्लील फोटो-वीडियो से धमकाने और धर्म परिवर्तन कराने जैसे आरोप सामने आए हैं।शिकायतों के मुताबिक, आरोपी डेटिंग ऐप और सोशल मीडिया के जरिए युवतियों से संपर्क करता था। विश्वास जीतने के बाद उनके निजी वीडियो बनाता और उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था। एक पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उस पर हिजाब पहनने, गोमांस खाने और धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव बनाया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसआईटी गठन के बाद शिकायतों, डिजिटल साक्ष्यों और कथित सहयोगियों की भूमिका की जांच अहम होगी। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी अन्य युवती के साथ भी ऐसी घटना हुई है, तो वह सामने आकर शिकायत दर्ज कराए।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार