home page

वसई में बहन ने की सगे भाई की चाकू घोंपकर हत्या

 | 

मुंबई, 26 नवंबर (हि.स.)। वसई पश्चिम के नौपाड़ा स्थित आनंदनगर इलाके में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला ने अपने सगे भाई की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। माणिकपुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान गणपत मुकणे (30) के रूप में हुई है। आरोपित महिला का नाम सुनीता भोईर (34) है। दोनों वसई पश्चिम के नौपाड़ा स्थित आनंदनगर इलाके में रहते थे। शिकायतकर्ता रत्नी रत्नाकर वांगड (40) मृतक की बहन है। पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर की रात 12 बजे से 26 नवंबर की सुबह 9:30 बजे के बीच गणपत और सुनीता के बीच घर के भीतर आने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि सुनीता भाई को घर में आने से रोक रही थी। इसी बात से नाराज गणपत ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद सुनीता ने घर में रखा चाकू उठाकर गणपत के पेट में वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल गणपत की मौत हो गई। मामले में माणिकपुर पुलिस ने आरोपित सुनीता को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच पुलिस कर रही है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार