home page

मुंबई में दो दिन बजेगा सायरन

 | 

मुंबई, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई में दो दिन सायरण बजेगा। हालांकि इससे घबराने की जरूरत नहीं है। यह प्रयोग प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रोटोटाइप सायरन उपकरण के परीक्षण का हिस्सा होगा। दक्षिण मुंबई के फोर्ट इलाके में 8 या 9 अक्टूबर को सायरन बजाया जाएगा।

यह सायरन आपदा, हमले या आपातकाल का संकेत नहीं होगा। इसके माध्यम से सायरन उपकरणों की जांच की जाएगी। ताकि पता चल सके कि सायरन सही से काम कर रहे हैं। मुंबई मनपा ने लोगों से अपील की है कि सायरन की आवाज सुनकर अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी तरह की गलतफहमी न पालें। मुंबई मनपा की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार शहर के फोर्ट क्षेत्र में पुराने सचिवालय की जोड़ इमारत और क्रॉस मैदान के पास स्थित नागरिक सुरक्षा महाविद्यालय की इमारत पर प्रोटोटाइप सायरन लगाए गए हैं। इन उपकरणों की 8 और 9 अक्टूबर को निर्धारित योजना के तहत जांच की जाएगी। परीक्षण के दौरान सायरन बजाया जाएगा, ताकि उपकरण की कार्यक्षमता और उसकी व्यवस्था को परखा जा सके। यह प्रोटोटाइप सायरन उपकरण नागरिक सुरक्षा महानिदेशालय, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (सी-डॉट) की टीम ने तैयार किया है। इसके बाद मुंबई में विभिन्न स्थानों पर इसकी स्थापना कर परीक्षण किया जा रहा है। ऐसे सायरन आपातकालीन परिस्थितियों में बड़ी संख्या में लोगों तक चेतावनी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

यह पूरी प्रक्रिया पूर्व निर्धारित परीक्षण है। फिलहाल मुंबई में किसी तरह की वास्तविक आपातकालीन स्थिति या खतरा नहीं है। मनपा के अनुसार किसी वास्तविक आपात स्थिति में आधिकारिक सूचना के माध्यम से नागरिकों को जानकारी दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार