home page

सायन ब्रिज के इस सप्ताह खुलने की संभावना, अंतिम चरण के काम पूरे

 | 

मुंबई,14 अक्टूबर (हि.स,)। सायन ब्रिज का काम लगभग पूरा हो गया है। इस ब्रिज पर जल्द गाडियां दौड़ेंगी और ट्राफिक जाम से लोगों को राहत मिल सकेगी। संभावना है कि इस सप्ताह यह ब्रिज वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।

सायन में पुराने ब्रिज को तोडकर 60 करोड़ रुपयों की लागत से नया ब्रिज बनाया जा रहा है। चार लेन का नया रेलवे पुल अब पूरी तरह तैयार है। हाल ही में इस ब्रिज की लोड टेस्टिंग पूरी कर ली गई है। सड़क पर मार्किंग, बीम लगाने और ट्रैफिक सिग्नल दुरुस्त करने जैसे अंतिम चरण के काम तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। सभी सुरक्षा मानकों पर खरा उतरने के बाद इस सप्ताह इस ब्रिज को यातायात के लिए खोलने की संभावना है। इससे पूर्व और पश्चिम मुंबई का सफर बेहद आसान हो जाएगा। इसके अलावा लंबे समय से ट्रैफिक जाम से परेशान मुंबईकरों को राहत मिलेगी।

मुंबई मनपा और रेल अधिकारियों के अनुसार ट्रैफिक पुलिस से अंतिम मंजूरी मिलते ही 15 अक्टूबर की समय सीमा के आस-पास सायन रेलवे पुल को आधिकारिक रूप से वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। वर्ष 1912 में बने पुराने सायन पुल की जर्जर हालत को देखते हुए वर्ष 2019 के स्ट्रक्चरल ऑडिट के बाद इसे गिराकर नए सिरे से बनाने का फैसला लिया गया था।

पुराने 40 मीटर पुल की तुलना में नया पुल 61 मीटर लंबा और चार लेन चौड़ा बनाया गया है। पहले यहां सिर्फ दो लेन थीं। नए ढांचे में पैदल चलने वालों की सुरक्षा के लिए सायन रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाला एक अलग फुटपाथ और वाहनों व यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए अंडरपास तैयार किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार