शिवसेना (शिंदे)-भाजपा की युति अभेद्य, किसी भी परिस्थिति में नहीं टूट सकती : योगेश कदम
मुंबई, 2 नवंबर, (हि. स.)। वसई में सोमवार को आयोजित शिवसेना (शिंदे) के कार्यकर्ता संवाद में गृह राज्यमंत्री (शहरी) योगेश कदम ने कहा कि शिवसेना (शिंदे) और भाजपा के बीच किसी मुद्दे को लेकर मतभेद है, तो उन्हें बातचीत के जरिए सुलझाया जाना चाहिए। दोनों दलों की यह युति अभेद्य है और किसी भी परिस्थिति में टूट नहीं सकती। कदम ने कहा कि संबंधित नेताओं से संवाद कर मतभेदों को बैठक में रखा जाना चाहिए और उस पर स्पष्ट भूमिका तय करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिवसेना (शिंदे) और भाजपा के बीच राजनीतिक ही नहीं, बल्कि पारिवारिक रिश्ता भी है। एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कदम ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एसआईआर पहले भी लागू हो चुका है, लेकिन अब इसे लेकर राजनीतिक आरोप लगाए जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशी नागरिकों की घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने पूछा कि उस समय संबंधित राज्य सरकार क्या कर रही थी। कदम ने दावा किया कि महाराष्ट्र में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ गृह विभाग ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है और खुफिया जानकारी के आधार पर कई लोगों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर भेजा गया है। कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनौतियों और जनसेवा के मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान पालघर प्रमुख रविंद्र फाटक, विधायक राजेंद्र गावित, वरिष्ठ नेता सुदेश चौधरी, नगरसेविका हेमलता सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

