ग्रामीण अंचलों में ताकत बढ़ाने शिवसेना ने झोंकी ताकत
मुंबई, 21 मई (हि.स.)। राज्य में मतदाता सूची पुनरीक्षण, आगामी जिला परिषद चुनाव और पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए शिवसेना (शिंदे गुट) ने ताकत झोंक दी है। पार्टी संसदीय दल के नेता सांसद श्रीकांत शिंदे ने गुरुवार को नासिक में निफाड और चांदवड विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा बैठक की. वे 100 विधानसभा क्षेत्रों और 22 जिलों का दौरा करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्यूल बचाने की अपील को प्रतिसाद देते हुए सांसद शिंदे ने मुंबई से नासिक तक वंदे भारत ट्रेन से यात्रा की। शिंदे ने कहा कि उन्होंने निफाड और चांदवड के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग जल्द ही मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान शुरू करेगा, जिसके लिए पार्टी बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर रही है। पीर्टी मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को गंभीरता से ले रही है। पार्टी के मुख्य नेता और राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के निर्देश पर बीएलए नियुक्ति और प्रशिक्षण का काम शुरू किया गया है।
ओबीसी आरक्षण की सीमा 50 प्रतिशत से अधिक होने के कारण नासिक जिला परिषद चुनाव फिलहाल टल गए हैं। महापालिका और नगर परिषद चुनावों में शिवसेना को अच्छा समर्थन और सफलता मिली थी। इसी वजह से पार्टी ने अब राज्य की बाकी जिला परिषद चुनावों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने बताया कि शिवसंवाद दौरे के पहले चरण में नाशिक जिले के विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

