home page

शिंदे की शिवसेना 35 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

 | 

मुंबई, 24 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में भाजपा के साथ सत्ता में शामिल उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। पार्टी ने अपने दम पर 35 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी शुरु कर दी है।

शिंदे सेना ने महाराष्ट्र में भाजपा के साथ गठबंधन होने के बावजूद उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ने का रुख अपनाया है। उत्तर प्रदेश में भाजपा सत्ता में है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कुछ दलों ने साथ आकर गठबंधन किया है। प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों में समझौता नहीं हुआ है। दोनों दलों के नेताओं के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है। जहां सत्तारूढ भाजपा के खिलाफ विपक्ष का गठबंधन बनाने की कोशिशें हो रही हैं, वहीं शिंदे की शिवसेना ने भी संकेत दिया है कि वह उत्तर प्रदेश में अकेले अपनी जमीन तलाशेगी।

पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कैप्टन अभिजीत अडसुल ने साफ किया है कि शिवसेना (शिंदे गुट) उत्तर प्रदेश में भाजपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ना पसंद करेगी। अगर गठबंधन की बातचीत सफल नहीं होती है, तो अकेले चुनाव लड़ने का विकल्प खुला रखा गया है। मथुरा के मुद्दे पर बोलते हुए अडसुल ने कहा कि मथुरा भाजपा के लिए एक मुद्दा हो सकता है। लेकिन, हमारी पार्टी का मुख्य एजेंडा हिंदुत्व ही रहेगा। पार्टी उत्तर प्रदेश में पार्टी संस्थापक बालासाहेब ठाकरे के विचारों के आधार पर ही काम करेगी। सूत्रों का कहना है कि गठबंधन नही होने पर पार्टी अपने दम पर 35 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी शुरु कर दी है।

उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा के साथ सीट समझौते की बातचीत अहम मानी जा रही है। देखना होगा कि भाजपा इस पर क्या रूख अपनाती है। पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की शिवसेना भी संगठन विस्तार के लिए उत्तर प्रदेश में हाथ पैर मारती रही है। ठाकरे सेना की भूमिका पर भी सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार