शिंदे गुट के एमएलसी पर लगा, किसान को धमकाने का आरोप
मुंबई, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मराठा आरक्षण आंदोलक मनोज जरांगे पाटिल के ऑडियो बम के बाद महाराष्ट्र की सियासत में एक दूसरी ऑडियो क्लिप ने हंगामा मचा दिया है। शिवसेना (शिंदे गुट) के एक एमएलसी पर किसान को धमकाने और उसे गंदी गाली देने का आरोप लगा है। यह तथाकथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
ऑडियो क्लिप शिंदे गुट के नांदेड़ से विधायक हेमंत पाटिल की बताई जा रही है। इसमें उन्हें एक किसान से बातचीत करते हुए सुना जा रहा है। अचानक दोनों के बीच बातचीत में तनाव बढ़ जाता है और गाली-गलौज सुनाई देता है। किसान का आरोप है कि हेमंत पाटिल ने उसे गंदी गाली दी और धमकाया। यह ऑडियो लोहा तहसील के पिंपलगांव के भगवान येवले का बताया जा रहा है। हालांकि क्लिप की अधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है कि यह किसके बातचीत का अंश है।
भगवान येवले का कहना है कि जरांगे पाटिल और रामदास कदम के बीच हुए आरोप-प्रत्यारोप को लेकर उसने हेमंत पाटिल को फोन किया था। जब उन्होंने इस बारे में पूछा, तो हेमंत पाटिल ने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि क्या तुम कॉल रिकॉर्ड करोगे? मैं तुम्हारे घर में घुसकर तुम्हें जूते से मारूंगा। येवले ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके साथ पुलिस ने भी मारपीट की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

