home page

जंतर-मंतर लाठीचार्ज को लेकर शशिकांत शिंदे ने सरकार पर साधा निशाना, निष्पक्ष जांच की मांग

 | 

मुंबई, 21 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर लाठी चलाने वाले लोग आखिर कौन थे।

शशिकांत शिंदे ने आरोप लगाया कि बिना हथियार आंदोलन कर रहे छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की गई। उन्होंने सवाल किया कि बिना पुलिस वर्दी वाले लोगों को छात्रों पर लाठी चलाने का अधिकार किसने दिया और इसके पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं।

उन्होंने यह भी आशंका जताई कि प्रदर्शन को बदनाम करने के लिए कुछ लोगों ने माहौल खराब करने की कोशिश की हो सकती है। शिंदे ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

एनसीपी (एसपी) नेता ने कहा कि छात्रों पर हुआ यह हमला गंभीर मामला है और इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के दबाव में छात्रों की आवाज को दबाने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।

शिंदे ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले विद्यार्थियों के साथ न्याय होना चाहिए और इस पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार