शरद पवार सेवानिवृत्त नहीं होंगे : सुप्रिया सुले
मुंबई, 24 नवंबर (हि.स.)। एनसीपी मुखिया शरद पवार के राजनीति से सेवानिवृत्त होने के मुद्दे को लेकर पार्टी सांसद सुप्रिया सुले ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने साफ कहा है कि पवार सेवानिवृत्त नहीं होंगे। कौन रिटायर होगा, इसका फैसला जनता करेगी।
सूत्रों के मुताबिक शरद पवार के राजनीति से सेवानिवृत्त होने और उनकी पार्टी के एनडीए गठबंधन में शामिल होने को लेकर संगठन में मंथन चल रहा है। इसे लेकर सूबे के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने इन चर्चाओं को तथ्यहीन और भ्रामक बताते हुए इसे साफ तौर पर खारिज कर दिया है। सुप्रिया सुले ने कहा है कि शरद पवार जैसे सीनियर लीडर के रिटायरमेंट को लेकर ऐसी खबरें छपना बहुत बुरा है। शरद पवार रिटायर नहीं होंगे। कौन रिटायर होगा, यह लोग तय करेंगे। शरद पवार की राज्यसभा की सदस्यता में अभी पांच साल बाकी हैं। तो वह कैसे रिटायर हो सकते हैं।
शरद पवार की पार्टी के एनडीए में शामिल होने की चर्चाओं को लेकर शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राऊत ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि शरद पवार की पूरी राजनीति सांप्रदायिक ताकतों से लड़ने और फुले-शाहू-आंबेडकर के विचारों को ज़िंदा रखने की रही है। अगर कुछ लोगों को सत्ता में आने की जल्दी है और इन विचारों को दबाया जा रहा है, तो यह ठीक नहीं है। मुझे नहीं लगता कि शरद पवार ऐसा करेंगे। पार्टी तोड़ने वाले ही शरद पवार को आराम करने की सलाह दे रहे हैं। उन्हें खुद पर शर्म आनी चाहिए। मुझे नहीं लगता कि सुप्रिया सुले एनडीए में शामिल होंगी। वह पक्के फुले-आंबेडकरवादी विचारों वाली हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

