महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पर शरद पवार गुट ने जारी किया व्हिप, सांसदों को सदन में रहने का निर्देश
मुम्बई, 27 नवंबर (हि.स.)।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी
(शरद पवार) ने शुक्रवार को महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर संसद के विशेष सत्र से पहले अपने लोकसभा सांसदों को व्हिप जारी किया है।
महिला आरक्षण और लोकसभा परिसीमन को लेकर संसद में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है । 30 नवंबर से शुरू होने वाले लोकसभा के विशेष सत्र से पहले राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
पार्टी ने सभी सांसदों को 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और पार्टी के रुख का समर्थन करने का निर्देश दिया है। पार्टी के लोकसभा सांसद और पार्टी के लोकसभा मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) अमोल कोल्हे ने यह निर्देश जारी किया है।
शरद पवार अस्वस्थ हैं और ब्रीच कैंडी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। कुछ दिन पहले भी पवार अस्वस्थ हो गए थे और अस्पताल में भर्ती थे तब अजीत पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता प्रफुल्ल पटेल उनसे अस्पताल में मिलने के लिए गए थे और प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन पर शरद पवार के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। तब से दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों के विलय के साथ ही महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पर पार्टी के समर्थन देने की अटकले चल रही थी।
इसके अलावा शरद पवार की पुत्री और सांसद सुप्रिया सुले ने भी एक बयान में कहा था कि पहले विधेयकों को आने दीजिए और उस पर चर्चा होने दीजिए हो सकता है कि बिल समाज और देश हित में हो।
उन्होंने कहा था कि यदि बिल देश और समाज हित में होगा तो उसे विपक्ष का भी समर्थन मिल सकता है, पहले भी अच्छे बिलाें को सत्ता और विपक्ष दोनों का समर्थन मिला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी

