home page

पेपर लीक करनेवालों पर गिरेगी गाज, 10 साल कैद और 10 करोड़ जुर्माना

 | 

मुंबई, 24 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने प्रतियोगी और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक करने वालों के खिलाफ कड़े तेवर अपनाए हैं। यदि पेपर लीक हुआ तो दोषियों पर 7 से 10 साल तक की जेल और 10 हजार करोड़ रुपये जुर्माना लग सकता है। पेपर लीक रोकने के लिए गठित वी. राधा समिति ने यह सिफारिश की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अनुसार सरकार आगामी शीतकालीन सत्र में इससे जुड़ा विधेयक लाने की तैयारी कर रही है।

पिछले कुछ महीनों में नीट सहित एपीएससी भर्ती जैसी कई पेपर लीक होने की कई घटनाएं हुई हैं। इसे लेकर छात्रों के आंदोलन हुए हैं। सरकार अब नया कानून लाने जा रही है। नए कानून से पेपर लीक करने वालों की खैर नहीं होगी। भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी रोकने के लिए राज्य सरकार की हाई-लेवल कमेटी की दूसरी रिपोर्ट आ गई है। इसमें पेपर लीक और संगठित गड़बड़ी को रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की सिफारिश की गई है। संगंठित अपराध में शामिल लोगों और संगठन के लिए 7 से 10 साल की जेल की सजा की सिफारिश की गई है। कम से कम 10 करोड़ रुपये का जुर्माना और संपत्ति ज़ब्त करने के प्रावधान सुझाए गए हैं। गलत तरीकों का इस्तेमाल करने वालों को 5 से 10 साल की जेल और 50 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। गड़बड़ी में शामिल सर्विस प्रोवाइडर कंपनियों पर 5 करोड़ रुपये तक का जुर्माना और 8 साल के लिए बैन लगाने की सिफारिश की गई है। परीक्षा में गड़बड़ियों की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से कराने की सिफारिश की गई है। गंभीर मामलों की जांच के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) बनाने का सुझाव दिया गया है। परीक्षा में गड़बड़ियों के मामलों को जल्दी निपटाने के लिए फास्ट ट्रैक की सिफारिश की गई है।

सरकार के इस फैसले से एमपीएससी के छात्रों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। यह सिफारिश की गई है कि परीक्षा देने के बाद अभ्यार्थियों को पूरी परीक्षा फीस वापस कर दी जाए। साथ ही, अगर आंसर शीट पर अभ्यार्थी की आपत्ति सही है, तो ली गई फीस भी वापस कर दी जाएगी। अगले साल के सालाना परीक्षा शेड्यूल की घोषणा हर साल अक्टूबर तक करने का सुझाव दिया गया है। अभ्यार्थी को आधार या महाआईडी के जरिए वन-टाइम रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी जाएगी। परीक्षाओं की निगरानी के लिए थ्री-टियर कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाने की सिफारिश की गई है। परीक्षा प्रक्रिया में बड़े प्रशासनिक बदलावों का सुझाव दिया गया है। समूह-सी प्रारंभिक परीक्षा 2026 में रिक्तियां बढ़ाकर 16,000 से अधिक करने और अधिकतम आयु सीमा में एक बार के लिए एक साल की छूट देने की सिफारिश की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार