महाराष्ट्र की सात सरकारी योजनाएं होंगी बंद
मुंबई, 19 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र की सात सरकारी योजनाओं बंद होने वाली हैं। सरकारी तिजोरी पर भार पड़ने के कारण राज्य सरकार ने उन सात योजनाओं को बंद करने का निर्णय लिया है, जिन्हें अच्छा प्रतिसाद नहीं मिल रहा है। इनमें से कुछ योजनाएं बंद हो चुकी हैं.जबकि कुछ को धीरे-धीरे बंद करने की तैयारी है।
ये योजनाएं महिला व बाल कल्याण विभाग की हैं। कुछ योजनाओं पर कम खर्च हो रहा है, जबकि कुछ के लिए फ़ंड की मांग कम है। कुछ योजनाएं अच्छा प्रतिसाद न मिलने के कारण बंद हो जाएंगी। जो सात योजनाएं प्रभावित होंगी उनमें महिलाओं के लिए बहुउद्देशीय सामाजिक केंद्र, महिला मंडलों को अनुदान, देवदासी बच्चों की पुनर्वास योजना, बिना बिजली वाली आंगनबाड़ियों के लिए सोलर पावर सेट, माझी कन्या भाग्यश्री योजना, शेल्टर चलाने वाले एनजीओ को मदद और कोरोना की वजह से अनाथ हुए बच्चों के लिए वित्तीय मदद वाली योजना शामिल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिलाओं के लिए बहुउद्धेशीय सामाजिक सेंटर योजना, देवदासी बच्चों के पुनर्वास और बिना बिजली वाले आंगनवाड़ियों सेंटरों के लिए सोलर पावर सेट योजना 16 अक्टूबर से प्रभावित हुई है। कोरोना काल में अनाथ हुए बच्चों के लिए आर्थिक मदद देनेवाली योजना वित्तीय वर्ष 2027-28 से बंद होने की संभावना है। माझी कन्या भाग्यश्री योजना को कोरोना से जुड़ी स्कीम के साथ बंद किया जाएगा। इसी तरह अगले वित्तीय वर्ष से एनजीओ को शेल्टर चलाने में मदद देने वाली योजना भी बंद करने की तैयारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

