शुरू हुई लोनावला घाट की दूसरी रेल लाइन
मुंबई, 15 जुलाई (हि.स.)। लोनावला-कर्जत घाट सेक्शन में रेल यातायात करीब नौ दिनों बाद आखिरकार दूसरी रेल लाइन को यातायात के लिए खोल दिया गया है। इस लाइन पर तीन मालगाड़ियों का सफल परीक्षण करने के बाद सीएसएमटी-लातूर एक्सप्रेस पहली यात्री ट्रेन के रूप में रवाना हुई। इसके साथ ही घाट सेक्शन में अब दो रेल लाइनों पर यातायात शुरू हो गया है। गुरुवार से डेक्कन क्वीन और इंटरसिटी एक्सप्रेस की सेवाएं भी फिर से बहाल कर दी जाएंगी।
6 जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश के बाद ठाकुरवाड़ी-मंकी हिल और मंकी हिल-खंडाला के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन होने से घाट सेक्शन की तीनों रेल लाइनें बंद हो गई थीं। इसके बाद 7 जुलाई को मध्य लाइन पर यातायात शुरू कर दिया गया था। अब दूसरी लाइन भी चालू होने से रेल परिचालन को बड़ी राहत मिली है। तीसरी लाइन पर मरम्मत कार्य अभी जारी है। इस लाइन के शुरू होने के बाद घाट सेक्शन में रेल यातायात पूरी क्षमता से संचालित हो सकेगा। दूसरी लाइन खुलने के बाद पहले तीन मालगाड़ियों का सफल संचालन किया गया। इसके बाद गाड़ी संख्या 22107 सीएसएमटी-लातूर एक्सप्रेस इस मार्ग से गुजरने वाली पहली यात्री ट्रेन बनी। ट्रेन मंगलवार रात 11.18 बजे कर्जत से रवाना हुई और घाट सेक्शन में 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलकर 12.27 बजे लोनावला पहुंची।
तीसरी लाइन बहाल करने के लिए 1,200 से अधिक कर्मचारी पिछले दस दिनों से लगातार काम में जुटे हैं। मलबा हटाने, पटरियों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए बोल्डर स्पेशल ट्रेन, यूनिमैट, डुओमैटिक मशीन, पोकलेन और जेसीबी जैसी भारी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। कर्मचारियों की आवाजाही के लिए लेबर स्पेशल ट्रेन भी चलाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

