home page

मुंबई में गर्मी ने किया बेहाल, बढ़ी 4,540 मेगावाट बिजली की मांग

 | 

मुंबई, 25 मई (हि.स.)। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भीषण गर्मी से लोगों के पसीने छूट रहे हैं। तपिश भरी गर्मी के कारण बिजली की मांग बढ़ गई है। बिजली की खपत 4,540 मेगावाट के उच्च स्तर पर पहुंच गई है।

मुंबई शहर और उपनगरों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार जाने से एयर कंडीशनर और कूलिंग उपकरणों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। इससे बिजली की खपत में भारी उछाल आया है। शहर में बेस्ट, टाटा पावर और अदाणी इलेक्ट्रिसिटी जैसे प्रमुख बिजली प्रदाता कंपनियां इस मांग को पूरा करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही हैं। सामान्य दिनों में यह मांग 3,400 से 3,600 मेगावाट के बीच रहती है, लेकिन मौजूदा गर्मी ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

मुंबई में इस महीने की 11 तारीख को अब तक की सबसे ज़्यादा 4,540 मेगावाट बिजली की पीक डिमांड दर्ज की गई। पूरे देश में गर्मी के कारण बिजली की मांग रिकॉर्ड 260 गीगावाट के पार पहुंच चुकी है। पूरे महाराष्ट्र में बिजली की मांग 31 हजार मेगावाट तक दर्ज की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार