home page

कुर्ला में दर्दनाक हादसा: बेस्ट बस को ओवरटेक करने में स्कूटी सवार की मौत

 | 

मुंबई, 24 नवंबर (हि.स.)। कुर्ला पश्चिम के बुद्ध कॉलोनी इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बेस्ट बस को दाहिनी ओर से ओवरटेक करने की कोशिश में स्कूटी सवार युवक की आगे चल रहे टेम्पो से जोरदार टक्कर हो गई। इसके बाद असंतुलित होकर सड़क पर गिरने के बाद युवक बस के अगले और पिछले पहियों के बीच आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय गुणवंत पाटील के रूप में हुई है।

धारावी डिपो की रूट नंबर 310/39 की बेस्ट बस नंबर एमएच-01-डीआर-6676 बांद्रा टर्मिनस पूर्व से कुर्ला बस स्टेशन पश्चिम की ओर जा रही थी। इसी दौरान एमएच-47-बीसी-2174 नंबर की स्कूटी चला रहे अजय पाटील ने बस के दाईं तरफ से ओवरटेक करने का प्रयास किया। तभी वह बस के ठीक आगे चल रहे टेम्पो से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अजय सीधे सड़क पर जा गिरे और बस के दोनों पहियों के बीच फंस गया। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। घायल युवक को इलाज के लिए राजावाडी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही धारावी डिपो के यातायात अधिकारी और बस कंपनी के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। विनोबा भावे पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार