विदर्भ में 26 जून से खुलेंगे स्कूलः राज्य मंत्री भोयर
मुंबई, 23 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री पंकज भोयर ने जानकारी दी है कि इस शैक्षणिक वर्ष विदर्भ के स्कूल 15 जून के बजाए 26 जून से खोले जाएंगे। इस संबंध में हालात को देखते हुए राज्य सरकार जल्द निर्णय लेगी। भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाना जरूरी है।
इन दिनों स्कूलों की गर्मियों की छुट्टियां चल रही हैं। विदर्भ, कोंकण, उत्तर महाराष्ट्र और पश्चिम महाराष्ट्र में भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मियों को देखते हुए बॉम्बे हाई कोर्ट ने शैक्षणिक वर्ष 2007-08 से 26 जून से स्कूल शुरू करने का आदेश दिया था। विदर्भ में स्कूल 15 जून से शुरू होने थे। इस बीच राज्य मंत्री पंकज भोयर ने 26 जून से विदर्भ के सभी स्कूल शुरू करने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि तापमान दिन-ब-दिन बढ़ रहा है। यदि 15 जून के बाद भी तापमान ऐसा ही रहा, तो हालात देखकर छात्रों की सुरक्षा के लिए स्कूल शुरू करने की तारीख पर विचार किया जाएगा। इस बारे में जल्द ही फैसला लिया जाएगा।
गृह राज्य मंत्री भोयर के अनुसार राज्य सरकार प्री-प्राइमरी स्कूलों के लिए एक अलग रजिस्ट्रेशन कानून लाने की तैयारी कर रही है। कई प्री-प्राइमरी स्कूल अभी सरकार के कंट्रोल से बाहर चल रहे हैं, इसलिए उनकी पंजीयन प्रक्रिया को नियमित करना और शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करना आवश्यक है। इस कानून का मसौदा फिलहाल मंजूरी के लिए विधि व न्याय विभाग को भेजा गया है। राज्य सरकार आने वाले शैक्षणिक वर्ष में इस कानून को पेश करने की कोशिश करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

