एसएमएस कंपनी की जमीन पर बने स्कूल- कॉलेज
मुंबई, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई के गोवंडी व शिवाजीनगर क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय नगरसेवक जमीर कुरेशी ने मुंबई मनपा से महत्वपूर्ण मांग की है। उन्होंने मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े को पत्र लिखकर गोवंडी में एसएमएस कंपनी के स्थानांतरण के बाद खाली होने वाली जमीन पर शैक्षणिक संस्थान व कौशल विकास केंद्र स्थापित करने का अनुरोध किया है।
कुरेशी के अनुसार, गोवंडी, शिवाजीनगर और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर व मध्यमवर्गीय परिवार रहते हैं। यहां कई विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के लिए आवश्यक कौशल हासिल करने की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध नहीं हैं। इसके कारण उन्हें दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्तावित केंद्रों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकते हैं। इससे क्षेत्र में शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा मिलने के साथ सामाजिक-आर्थिक स्थिति सुधारने में भी मदद मिलेगी।
कुरेशी ने अपने पत्र में सुझाव दिया है कि खाली होने वाली जमीन पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त सरकारी शैक्षणिक संस्थान, तकनीकी शिक्षा केंद्र और व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान शुरू किए जाएं। इसके तहत इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम, तकनीकी शिक्षा और रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

