पुणे मनपा में जूनियर इंजीनियर परीक्षा में घोटाला
मुंबई, 30 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र में परीक्षा घोटाले का एक और मामला सामने आया है। पुणे महानगरपालिका में जूनियर इंजीनियर पद की परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगा है। शिवसेना (यूबीटी) ने यह सनसनीखेज आरोप लगाया है और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। अन्यथा उग्र आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी गई है।
पेपर लीक के राज्य में एक के बाद एक मामले सामने आ रहे हैं। नीट, एमपीएससी के औषधि निरीक्षक, परभणी में नर्सिंग परीक्षा, बॉम्बे हाई कोर्ट के क्लर्क पद की टाइपिंग परीक्षा में गड़बड़ी सहित कई पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। इससे विद्यार्थियों में गुस्सा है। अब पुणे मनपा में जूनियर इंजीनियर पद की परीक्षा में घोटाले का आरोप लगा है। यूबीटी के नगरसेवक नाना भंगिरे ने आरोप लगाया है कि इस मामले में एक सीनियर अधिकारी शामिल है। बीते 16 जून को पता चला था कि इस परीक्षा में गड़बड़ी हुई है। परीक्षा के पेपर पहले ही सामने आ चुके थे। पुणे मनपा ने माना था कि तीन लोगों ने नकल की थी। इस धोखाधड़ी के सामने आने के बाद भी पुणे मनपा के आयुक्त और अतिरिक्त आयुक्त ने 169 लोगों को नियुक्त किया। सभी लोगों की नियुक्ति गैर-कानूनी है। इस नियुक्ति को तत्काल रद्द किया जाए और परीक्षा फिर से कराई जाए। उम्मीदवारों के साथ हो रहे अन्याय को दूर किया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

