बालासाहेब देवरस नेत्रालय का लोकार्पण करेंगे सरसंघचालक मोहन भागवत
मुंबई, 04 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मध्य प्रदेश के दौर पर हैं। वे मंगलवार 6 अक्टूबर को बालाघाट जिले के लांजी विकासखंड स्थित ग्राम कारंजा में नवनिर्मित स्मृति भवन व बालासाहेब देवरस नेत्रालय का लोकार्पण करेंगे। इसके लिए जोरदार तैयारियां की गई हैं।
कारंजा में स्मृति भवन और माधव नेत्रालय द्वारा संचालित बालासाहेब देवरस नेत्रालय का निर्माण किया गया है। लोकार्पण कार्यक्रम दोपहर 2:30 बजे प्रस्तावित है। डॉ. भागवत की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस कार्यक्रम का आयोजन बालासाहेब व भाऊराव देवरस सेवान्यास, कारंजा के तत्वावधान में किया जा रहा है।
ग्राम कारंजा का आरएसएस के इतिहास से भी जुड़ाव है। यह संघ के तृतीय सरसंघचालक बालासाहेब देवरस और वरिष्ठ प्रचारक भाऊराव देवरस का पैतृक गांव है। उनकी स्मृति में यहां स्मृति भवन का निर्माण किया गया है। बालासाहेब व भाऊराव देवरस सेवान्यास के अध्यक्ष डॉ. पवन स्थापक, उपाध्यक्ष अरविंद मार्डीकर और सचिव सचिन अग्रवाल ने इस लोकार्पण व सार्वजनिक कार्यक्रम में लोगों को सादर आमंत्रित किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

