धमकियों से नहीं डरता : संजय राऊत
मुंबई, 24 नवंबर (हि.स.)। आदिवासियों की जमीन कब्जा करने के तथाकतिथ आरोपों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राऊत में ठन गई है। राऊत के खिलाफ नार्वेकर ने मानहानि का केस दर्ज कराने की चेतावनी दी है। इस पर राऊत ने नार्वेकर पर पलटवार किया है कि नोटिस भेजिए, इसकी जरूरत है। मैं धमकियों से नहीं डरता। अभी तो मैंने कुछ भी खुलासा नहीं किया है, अभी कई खुलासे बाकी हैं।
राऊत ने कहा कि नार्वेकर से उनका कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है। वे जमीन ले लें, पहाड़ ले लें, झील ले लें या समुद्र खरीद लें। लेकिन उन्हें 20 आदिवासी परिवारों की आवाज सुननी चाहिए। इन परिवारों के घर बुलडोजर से गिरा दिए गए हैं। वे पढ़े-लिखे नहीं हैं और उनसे अंगूठे लगाकर उनकी जमीन ले ली गई। उनके पास कबीले के कानून के हिसाब से कागजात हैं। ये घर सरकारी योजना के तहत बनाए गए थे।
नार्वेकर विधानसभा अध्यक्ष जैसे संवैधानिक पद पर हैं। उन्हें इस बारे में पता होना चाहिए। नार्वेकर संबंधित 20 आदिवासी परिवारों को अपने कार्यालय बुलाएं, उनकी बातें सुनें और उनकी शिकायतों का समाधान करें।
उधर, नार्वेकर के अलीबाग में आदिवासियों के जमीन हड़पने के आरोप को खारिज करने के सवाल पर राऊत ने कहा कि विधायक और सांसद पैसे से खरीदे जाते हैं। न्याय भी खरीदा जाता है। उन्होंने राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले पर भी इस मामले में नार्वेकर का साथ देने का आरोप लगाया।
उन्होंने पूछा कि वे आदिवासियों के पक्ष में खड़े होने के बजाय विधानसभा अध्यक्ष के परिवार का बचाव क्यों कर रहे हैं। अदालत जाने की धमकी न दें। हमारी जिंदगी अदालत और पुलिस स्टेशन में गुजरी है। उन्हें ईडी ने झूठे आरोप में जेल भेजा था। कोलाबा विधानसभा क्षेत्र में शिंदे सेना के शाखा प्रमुख संतोष पवार को 50 लाख रूपये दिए जाने के वायरल वीडियो मामले में राऊत ने कहा कि यह पैसे किसने दिए, इसका स्त्रोत क्या है। इसकी जांच होनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

