संजय राऊत बंद करें पाकिस्तान की दलाली- नवनाथ बन
मुंबई, 08 अप्रैल (हि.स.)। ईरान- अमेरिका युद्ध विराम को लेकर प्रधानमंत्री नरेंदर मोदी और भारत की विदेश नीति की आलोचना करने वाले शिवसेना (यूबीटी सांसद संजय राऊत पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राऊत को पाकिस्तान की दलाली बंद कर देनी चाहिए।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार परिषद को संबोधित करते हुए बन ने कहा कि जिनकी अपनी कोई पकड़ नहीं है और जिनके दल की पहुंच उरण तक नही हैं, वे जनाब संजय राउत आज ईरान के मामलों पर बहस कर रहे हैं। ईरान मामले में क्या करना चाहिए था, क्या नहीं करना चाहिए था, इस तरह के सुझाव देने वाले राऊत को पहले अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। जिस तरह यह युद्ध पाकिस्तान की ओर से दलाली के माध्यम से किया जा रहा है, उसी तरह पाकिस्तान की दलाली भारत में राऊत के माध्यम से हो रही है। देश की भलाई के लिए प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व सक्षम है। दुनिया भर में इस युद्ध की आग लगी लेकिन भारत में इसकी कोई गंभीरता नहीं पहुंची। दलाली करना राऊत का धंधा बन गया है। कभी शरद पवार की दलाली, कभी राहुल गांधी की और आज तो पाकिस्तान की भी दलाली करने लगे हैं।
बन ने कहा कि जिस तरह सांप अपने दूध देने वाले को डंसता है, उसी तरह का काम देश का नमक खाने वाले राऊत लगातार कर रहे हैं। राऊत जिस पाकिस्तान की तारीफ कर रहे हैं, वहां पेट्रोल और डीजल की कीमत 450 रुपये प्रति लीटर है। वहाँ गैस उपलब्ध नहीं है और नागरिकों को आटा महंगा पड़ रहा है। जबकि भारत में प्रधानमंत्री मोदी के सक्षम नेतृत्व के कारण यहां पेट्रोल और डीजल की कीमतें नहीं बढ़ीं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में ठाकरे गुट के सिर्फ 20 विधायक हैं। जिला परिषद में ठाकरे गुट को कुछ भी हासिल नहीं हुआ। पहले अपनी पार्टी की स्थिति देखें फिर प्रधानमंत्री मोदी को सलाह दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

