home page

संजय राउत ने महाराष्ट्र में लाडली बहनों को योजना से बाहर करने को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की

 | 

मुंबई, 02 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र में 80 लाख लाडली बहनों को योजना से बाहर करने के मुद्दे पर शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राऊत ने महायुति सरकार की आलोचना की। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर आपराधिक मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

राऊत ने कहा कि मुख्यमंत्री और दोनों उप-मुख्यमंत्रियों ने सरकारी खजाने का दुरुपयोग किया और अपात्र महिलाओं को पैसे देकर वोट खरीदे। अब लाडली बहनों को अपात्र घोषित कर दिया गया। पिछला चुनाव ही रद्द कर देना चाहिए। जिस तरह से महिलाओं के वोट खरीदे गए क्या यह ठीक है। लेकिन अब यह साबित हो गया है कि आपने सरकारी खजाने से 80 लाख से ज़्यादा अयोग्य महिलाओं को पैसे दिए। लाडली बहना योजना का पैसा गबन करने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया जाना चाहिए। मामले की जांच की जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

राऊत ने कहा कि शिवसेना चुनाव हारने से कमजोर नहीं हुई है। हम संगठन को सशक्त बनाने पर जोर दे रहे हैं। भाजपा में शामिल हुए कुछ नेता सत्ता के लिए पार्टी बदल रहे हैं। शिवसेना पार्टी की सुनवाई के बारे में उन्होंने भरोसा जताया कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला हमारे पक्ष में होगा। राऊत ने यह भी कहा कि कुछ नेता जिन्हें सत्ता में रहने का अफसोस है, वे वापस आ जाएं, लेकिन सभी को पार्टी में शामिल करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार