पुणे में म्हाडा के 295 घरों की बिक्री फिर टली
मुंबई, 12 जुलाई (हि.स.)। पुणे में म्हाडा के 295 घरों की बिक्री फिर टल गई है। 'पहले आओ, पहले पाओ' योजना के तहत प्रस्तावित इन घरों की बिक्री तकनीकी कारणों से पहले भी कई बार स्थगित हो चुकी है। अब यह प्रक्रिया पुणे मंडल की प्रस्तावित 4,000 घरों की लॉटरी पूरी होने के बाद शुरू की जाएगी।
पुणे मंडल के अधिकारियों के अनुसार फिलहाल मंडल का पूरा ध्यान 4,000 आवासों की नई लॉटरी पर है। इस लॉटरी की विज्ञप्ति जुलाई के अंतिम सप्ताह में जारी किए जाने की तैयारी चल रही है। अधिकारियों का कहना है कि लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही 295 रिक्त फ्लैटों की बिक्री 'पहले आओ, पहले पाओ' योजना के तहत शुरू की जाएगी। म्हाडा के पुणे मंडल ने पहले चिखली, ताथवडे, वाकड, लोहगांव, मुंढवा, येवलेवाड़ी, वाघोली, किवले, फुरसुंगी, डुडुलगांव, पिसोली, बालेवाड़ी, हडपसर और पुनावले सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 295 रिक्त फ्लैटों को 'पहले आओ, पहले पाओ' योजना के तहत बेचने का निर्णय लिया था।
इसके लिए 4 मई से ऑनलाइन बिक्री शुरू होनी थी, लेकिन तकनीकी कारणों से प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। इसके बाद बिक्री की तिथि 13 मई और फिर 18 मई तक बढ़ाई गई। 'आपले सरकार' पोर्टल पर तकनीकी दिक्कतों के कारण इच्छुक आवेदकों को निवास और आय प्रमाणपत्र समय पर उपलब्ध नहीं हो सके। इसके चलते ऑनलाइन बिक्री बार-बार टलती रही। 28 मई को भी प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी और योजना पूरी तरह ठप हो गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

