home page

साकीनाका मैनहोल हादसाः मृतक असलम शेख के आश्रितों को 10 लाख की मदद

 | 

मुंबई, 08 सितंबर (हि.स.)। मुंबई के साकीनाका इलाके में जुलाई महीने में भारी बारिश के दौरान मैनहोल में गिरकर असलम शेख की मौत हो गई थी। शेख के आश्रितों को मुंबई मनपा ने 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी है। यह राशि मृतक की पत्नी के बैंक खाते में जमा कर दी गई है।

यह घटना 2 जुलाई 2026 को साकीनाका के खैरानी रोड पर हुई थी। भारी बारिश के दौरान एक खुले मैनहोल में गिरने से 45 वर्षीय श्रमिक असलम शेख की मौत हो गई थी। हादसे के बाद मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी थी। उन्होंने पीडित परिवार को आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया था। मनपा के एल-वार्ड कार्यालय ने सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करके शेख की पत्नी अंजुम शेख के बैंक खाते में राशि ट्रांसफर कर दी है।

शेख की पत्नी अंजुम ने पत्र लिखकर इस कठिन घड़ी में साथ देने के लिए मुंबई मनपा प्रशासन और महापौर तावड़े का आभार माना है। महापौर ने कहा कि किसी परिवार का कमाने वाला खोने का दुख बहुत बड़ा होता है, इसकी भरपाई कोई नहीं कर सकता। इस बेबस परिवार के साथ खड़े होना हमारा कर्तव्य था।

इस मामले में सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने पर मुंबई मनपा ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे ब्लैकलिस्ट करने का आदेश दिया था। लापरवाह अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार