home page

पुणे के फुले स्मारक के लिए 230 करोड़ का फंड स्वीकृत

 | 

मुंबई, 28 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में पुणे के फुलेवाड़ा परिसर के विकास के लिए 230 करोड़ रुपये का प्रस्ताव स्वीकृत किया है। कैबिनेट की ओबीसी उपसमिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर परिसर का सौंदर्यीकरण होगा और जरूरी भूमि अधिग्रहित की जाएगी।

मंत्रालय में हुई बैठक में राजस्व मंत्री व उपसमिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, मंत्री छगन भुजबल, गुलाबराव पाटील, संजय राठोड और अतुल सावे समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। भिडेवाड़ा में सावित्रीबाई फुले की पहली कन्या पाठशाला का स्मारक तीन सप्ताह में पूरा करने का निर्देश दिया गया। राजस्व, जलापूर्ति, वन और सूखा राहत सहित 11 विभागों की कल्याणकारी योजनाएं फुले के नाम से चलेंगी। इसके लिए अलग शासनादेश जल्द किया जाएगा। राजस्व मंत्री बावनकुले क अनुसार सूबे के 36 जिलों में 500 क्षमता वाले ओबीसी छात्रावास बनेंगे। राजस्व विभाग एक रुपये के प्रतीकात्मक दर पर जमीन देगा। एमएसआईडीसी ने इनका डिजाइन तैयार किया है। अगली बैठक में तीन नामी आर्किटेक्ट के प्लान देखकर अंतिम मंजूरी दी जाएगी।

'सारथी' की तर्ज पर 'महाज्योति' का दायरा बढ़ाया जाएगा। घुमंतू व विमुक्त जातियों को सीधा लाभ देने के लिए वीजेएनटी का बजट ओबीसी बजट से अलग होगा। नागपुर शीत सत्र में वित्त विभाग से इसका प्रावधान मांगा जाएगा। शिंदे समिति की तर्ज पर वीजेएनटी समाज के सर्वेक्षण के लिए अध्ययन समिति बनेगी। ओबीसी के 27 प्रतिशत रिक्त पद जल्द भरे जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार