अजित विमान हादसे पर रोहित पवार करेंगे नया खुलासा
मुंबई, 01 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे मामले में एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार सोमवार को मुंबई में नया खुलासा करने वाले हैं। उन्होंने प्राथमिक जांच रिपोर्ट के कुछ मुद्दों पर आपत्ति जताई है, जिसे लेकर वे विस्तार से अपनी बात रखेंगे।
एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट ने 22 पेज की प्राथमिक रिपोर्ट शनिवार को जमा की। इस रिपोर्ट में दुर्घटना के आखिरी पलों के बारे में अहम जानकारी दी गई है। इसमें बताया गया है कि विमान पहले एक पेड़ से टकराया, फिर जमीन पर गिरा और फिर क्रैश हो गया। दुर्घटना के समय इलाके में विजिबिलिटी कम थी। रिपोर्ट में विमान और बारामती एयर ट्रैफिक कंट्रोल रूम के साथ सुबह 8:29:25 बजे से 8:46:13 बजे के बीच हुई बातचीत रिकॉर्ड है। आखिरी कुछ सेकंड में पायलट ने “ओशीट, ओशीट” मैसेज दिया. लेकिन उसे कंट्रोल रूम से कोई जवाब नहीं मिला।
रोहित पवार शुरू से ही विमान हादसे पर संदेह जता रहे हैं. प्राथमिक जांच रिपोर्ट आने के बाद रोहित ने रिपोर्ट के पेज नंबर 4 पर उल्लेखित “बारामती एयरफील्ड महाराष्ट्र राज्य के बारामती जिले में है” पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि इतनी बड़ी गलती की गई है, इससे लगता है कि इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट ने कितनी गंभीरता से रिपोर्ट तैयार की होगी। क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट इस रिपोर्ट के आधार पर कैसे जांच करेगा?
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

