home page

धीरेंद्र शास्त्री पर बैन लगाने पर अड़े रोहित पवार

 | 

मुंबई, 27 अप्रैल (हि.स.)। बागेश्वर धाम के बाबा धीरेंद्र शास्त्री ने छत्रपति शिवाजी महाराज पर दिए गए अपने आपत्तिजनक बयान पर माफी मांग ली है। लेकिन उनका विरोध अभी भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है। एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने फिर धीरेंद्र शास्त्री पर महाराष्ट्र में बैन लगाने की मांग की है।

इधर राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा है कि शिवाजी महाराज का अपमान सहन नहीं किया जा सकता। लेकिन जब बागेशवर बाबा ने माफी मांग ली है तो विरोध का क्या तुक बनता है। रोहित पवार ने धीरेंद्र शास्त्री मामले को लेकर सत्ताधारी पार्टियों की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि सत्ता में मौजूद एक बड़ी पार्टी को छोड़कर पूरे महाराष्ट्र ने धीरेंद्र शास्त्री की निंदा की है। उन्होंने सवाल उठाया कि सत्ताधारी पार्टियां उनका समर्थन क्यों कर रही हैं। उन्होंने सरकार से पूछा है कि क्या धीरेंद्र शास्त्री को उस महापुरुष से बड़ा माना जा रहा है जो महाराष्ट्र की पहचान का प्रतीक हैं।

रोहित ने कहा कि ऐसी चर्चा है कि इस बाबा के कार्यक्रम सत्ताधारी पार्टी स्पॉन्सर कर रही है। महाराष्ट्र संतों और महापुरुषों की धरती है। ऐसे लोगों को बाहर से बुलाने की क्या ज़रूरत है? क्या यह शर्मनाक नहीं है कि ऐसे व्यक्ति का कार्यक्रम नागपुर में अभी भी चल रहा है? उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत दखल देकर इस कार्यक्रम को रोके और भविष्य में धीरेंद्र शास्त्री को महाराष्ट्र में हमेशा के लिए बैन कर देना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार