रोहित पवार का आमरण अनशन खत्म
मुंबई, 15 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के पंढरपूर में किसानों की कर्जमाफी की शर्तों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने अपना आंदोलन सोमवार को समाप्त कर दिया। मंत्री गिरीश महाजन के साथ सकारात्मक चर्चा और सरकार द्वारा आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया है। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि मसले का हल नहीं निकाला गया तो वे फिर उग्र आंदोलन छेड़ेंगे।
महाराष्ट्र सरकार की पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर शेतकरी कर्ज माफी योजना में शामिल दो शर्तों ओटीएस और लैंडहोल्डिंग की सीमा को हटाने की मांग को लेकर रोहित पवार अनसन पर बैठे थे। इस बीच उनका शुगर लेवल भी बढ़ गया था। मंत्री गिरीश महाजन ने धरना स्थल पर जाकर उनसे मुलाकात की। महाजन ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ फोन पर बातचीत की। मुख्यमंत्री ने मसले का हल निकालने के लिए आगामी 22 जून को उच्च स्तरीय बैठक का आश्वासन दिया है। रोहित पवार ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने आंदोलन अभी सिर्फ 'स्थगित' किया है। यदि 22 जून की बैठक में समाधान नहीं निकला, तो सरकार के खिलाफ वे फिर सड़क पर उतरेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

