गर्मी के साथ वायु प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता
मुंबई, 12 अप्रैल (हि.स.)। उमस भरी गर्मी के साथ बढ़ते वायु प्रदूषण ने भी मुंबईकरों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार सुबह से हल्का स्मॉग देखा और एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 'मॉडरेट' कैटेगरी में दर्ज किया गया।
कुछ दिनों से साफ़ और सांस लेने लायक हवा का मज़ा ले रहे मुंबईकरों को रविवार को फिर से प्रदूषण का सामना करना पड़ा। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के समीर ऐप के अनुसार मुंबई का एक्यूआई 111 रिकॉर्ड किया गया। इस स्तर पर अस्थमा, दिल की बीमारी या सांस की दिक्कत वाले लोगों को परेशानी हो सकती है। मौसम विभाग ने मुंबई में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान व्यक्त किया है। एसे में उमस भरी गर्मी के साथ बढ़ते वायु प्रदूषण की वजह से लोगों को परेशानी हो सकती है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में प्रदूषण का स्तर अलग-अलग रहा।
देवनार में सबसे ज़्यादा 179 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। उसके बाद बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में 165, अंधेरी-153, बोरीवली पूर्व- 126, भायखला-115 और चेंबूर में 107 एक्यूआई दर्ज की गई। हालांकि कोलाबा में 70 एक्यूआई दर्ज की गई, जो अच्छी रही। मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में वाय गुणवत्ता 'सैटिस्फैक्टरी से मॉडरेट' के बीच रही। ठाणे में 82, नवी मुंबई में 116 और कल्याण में 71 एक्यूआई दर्ज की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा है, बच्चों, बुजुर्गों और सांस या दिल की बीमारी वाले लोगों को ज़रूरी सावधानी बरतनी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

