नक्सलियों के लूटे हथियारों की जानकारी देने पर मिलेगा 1.5 लाख तक इनाम, कैबिनेट ने दी मंजूरी
मुम्बई, 17 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की अध्यक्षता में मंगलवार काे मंत्रिमंडल की बैठक में नक्सलियों द्वारा सुरक्षा दलों से लूटे गए हथियारों के बारे में जानकारी देने वालों को नकद इनाम देने की योजना को मंजूरी दे दी गयी।
अधिकारियाें के सूचना के अनुसार इनाम की राशि बरामद किए गए हथियारों के प्रकार और उनकी संख्या के आधार पर तय की जाएगी।
इनाम की राशि स्वचालित, अर्ध-स्वचालित और अन्य श्रेणियों के हथियारों के साथ ही गोला-बारूद के आधार पर तय होगी। हथियार के प्रकार के अनुसार यह राशि करीब 1.5 लाख रुपये तक हो सकती है।
राज्य सरकार ने कहा कि नक्सलियों ने पिछले कई वर्षों के दौरान थानों और सुरक्षा दलों पर हमला कर हथियार लूटे थे। सरकार की वर्तमान नीतियाें के तहत हथियारों के साथ आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी जाती है जबकि
हथियारों की बरामदगी में मदद करने वाले मुखबिरों को इनाम देने का कोई प्रावधान नहीं था।
बैठक में लिये गये निर्णय के अनुणार पुलिस अधीक्षक 10 लाख रुपये तक के इनाम को मंजूरी दे सकेंगे जबकि गढ़चिरौली रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक 10 लाख रुपये से अधिक और 25 लाख रुपये तक की राशि को मंजूरी दे सकेंगे।
इसी तरह, पुलिस महानिरीक्षक (नक्सल विरोधी अभियान) 25 लाख रुपये से अधिक और 50 लाख रुपये तक के इनाम को मंजूरी दे सकेंगे जबकि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (विशेष अभियान) 50 लाख रुपये से अधिक और एक करोड़ रुपये तक की राशि मंजूर कर सकेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी

