home page

पाखंडी खरात के पास जाने वाले 40 विधायकों के नाम का करो खुलासा- संजय राऊत

 | 

मुंबई, 28 मार्च (हि.स.)। नाशिक के पाखंडी बाबा अशोक खरात मामले को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर बढ़ गया है। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राऊत ने मांग की है कि खरात के पास जाने वाले 40 विधायकों के नाम बताए जाएं, और सरकार में उन बड़े नेताओं का भी नाम सार्वजनिक किए जाएं जिन्होंने उन्हें फ्लाइट की सुविधा उपलब्ध कराई थी।

राऊत ने शनिवार को प्रेस वार्ता को संभोधित करते हुए कहा कि सत्ताधारी दल के विधायक दीपक केसरकर ने ही दावा किया था कि 40 विधायक खरात के संपर्क में थे। उन 40 विधायकों के नाम जनता के सामने लाए जाने चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि पुलिस जांच करे और साफ करे कि खरात दिल्ली में किससे मिलने जाता था? उसके लिए विमान यात्रा का इंतज़ाम कौन कर रहा था?

राऊत ने आरोप लगाया कि जिन्होंने खरात का साथ दिया, वे अभी भी सत्ता में हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस को इस पूरे मामले पर स्थिति साफ़ करनी चाहिए और संबंधित मंत्रियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करनी चाहिए। यदि किसी समुदाय के धार्मिक स्थल के लिए मदद दी जाती है, तो उसकी कोई बुराई नहीं है; लेकिन ऐसे संदिग्ध लोगों का साथ देना सही नहीं है। राऊत ने सुझाव दिया कि सरकार को इस गंभीर मामले पर एक ऑल-पार्टी मीटिंग बुलानी चाहिए। विपक्ष के नेता को नियुक्त करके एक टीम बनाई जानी चाहिए। राज्य की छवि से जुड़े इस मुद्दे पर मिलकर फ़ैसला लेना जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार