मुंबई, ठाणे और भिवंडी के लोग रहें सावधान, उबालकर पिएं पानी
मुंबई, 28 अक्टूबर (हि.स.)। बीएमसी प्रशासन ने मुंबई, ठाणे और भिवंडी के लोगों को अगले सात दिनों तक सावधान रहने की अपली की है। पीने का पानी उबालकर और छानकर इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। पिसे-पांजरापुर जलापूर्ति परिसर के येवई स्थित महाबैलेंसिंग जलाशय के खंड नंबर 2 की मरम्मत पूरी हो गई है। इसे बुधवार, 28 अक्टूबर से फिर से शुरू किया जाएगा। जलाशय को चालू करने की प्रक्रिया के दौरान पानी की गुणवत्ता पर असर पड़ने की संभावना है। इसलिए पानी उबालकर और छानकर पीने का सुझाव दिया गया है।
मुंबई मनपा अनुसार, इस प्रक्रिया का प्रभाव मुंबई शहर, पूर्वी उपनगरों के साथ-साथ ठाणे और भिवंडी मनपा क्षेत्रों में होने वाली जलापूर्ति पर पड़ सकता है। इसलिए लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। मुंबई शहर में ए, बी, ई, एफ दक्षिण और एफ उत्तर विभाग प्रभावित हो सकते हैं। ए विभाग के नेवल डॉकयार्ड और बीपीटी परिसर सहित बी, ई, एफ दक्षिण और एफ उत्तर विभाग के पूरे क्षेत्र में सावधानी बरतने की जरूरत है।
पूर्वी उपनगरों में मुलुंड पूर्व-पश्चिम, भांडुप, नाहूर, कांजुरमार्ग, विक्रोली, घाटकोपर और कुर्ला पूर्व के अलावा एम पूर्व तथा एम पश्चिम विभागों के पूरे क्षेत्र में भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। ठाणे और भिवंडी के प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे निर्धारित अवधि तक पानी उबालकर और छानकर इस्तेमाल करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

