एससीएलआर फ्लाईओवर की मरम्मत लागत बढ़ी
मुंबई, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई के पूर्वी उपनगर में सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड व स्वामीनारायण फ्लाईओवर (एससीएलआर) के मरम्मत की लागत में 13.44 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। यह इजाफा फ्लाईओवर के सुदृढ़ीकरण, संरचनात्मक मरम्मत और बेयरिंग बदलने के मूल कार्य में बदलाव के कारण हुआ है। इससे मूल रूप से 25.84 करोड़ रुपये का ठेका बढ़कर अब 39.28 करोड़ रुपये हो गया है।
मुंबई मनपा ने पूर्वी उपनगर के परिमंडल-5 में सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड और ईस्टर्न फ्रीवे पर स्थित स्वामीनारायण फ्लाईओवर की मरम्मत का काम एक निजी ठेकेदार कंपनी को सौंपा था। मूल ठेका राशि 25 करोड़ 84 लाख 1 हजार 964 रुपये तय की गई थी। काम पूरा करने की मूल अवधि 15 महीने निर्धारित की गई थी, जो 23 जून 2025 से 22 सितंबर 2026 तक थी। इनमें से स्वामीनारायण फ्लाईओवर का काम पूरा हो चुका है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), मुंबई और वर्ष 2023 की तकनीकी जांच रिपोर्ट के आधार पर मरम्मत कार्यों का अनुमान तैयार किया गया था। हालांकि, वास्तविक काम शुरू होने तक दो साल बीत गए। इस दौरान पुलों के विभिन्न हिस्सों में संरचनात्मक खराबी बढ़ गई। नुकसान बढ़ने के कारण मरम्मत और पुनर्वास कार्यों का दायरा भी बढ़ाना पड़ा।
काम का दायरा बढ़ने के कारण अतिरिक्त और नई मदों को शामिल करना पड़ा। जीएसटी सहित इन बदलावों वाले कार्यों की कुल लागत 13 करोड़ 28 लाख 24 हजार 658 रुपये थी। ठेकेदार की न्यूनतम दर, ठेका सुरक्षा जमा और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मूल ठेका राशि में 13 करोड़ 44 लाख 42 हजार 799 रुपये की वृद्धि प्रस्तावित की गई है। ठेके की कुल राशि बढ़कर 39 करोड़ 28 लाख 44 हजार 763 रुपये हो गई है। इस तरह मूल ठेका राशि में लगभग 52.03 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। काम पूरा करने की समयसीमा छह महीने बढ़ाकर मार्च 2027 तक करने का प्रस्ताव मुंबई मनपा प्रशासन ने स्थायी समिति की मंजूरी के लिए पेश करने का फैसला किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

