home page

पुलिस भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं को राहत, मुफ्त मिलेंगे मैदान

 | 

मुंबई, 19 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को अब निकाय संस्थाओं के मैदान मुफ्त उपलब्ध कराएगी। नगर विकास विभाग ने इस बारे में एक सर्कुलर जारी किया है।

गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने बताया कि राज्य के सभी मनपा, नगर परिषद और ग्राम पंचायतों के मालिकाना हक वाले व प्रबंधन वाले मैदान पुलिस भर्ती की प्रैक्टिस के लिए उपलब्ध रहेंगे। पुलिस भर्ती का विज्ञापन पब्लिश होने से लेकर संबंधित कैडर का फील्ड टेस्ट पूरा होने तक उम्मीदवार इन मैदानों पर प्रैक्टिस कर सकेंगे। इसके लिए सुबह 5 बजे से 9 बजे और शाम 4 बजे से 8 बजे तक का समय तय किया गया है।

इस सुविधा के लिए उम्मीदवारों से कोई फीस नहीं ली जाएगी। मैदान को साफ और सुरक्षित रखने के साथ, सर्कुलर में रनवे व प्लेग्राउंड के लिए भी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रैक्टिस के लिए आने वाले उम्मीदवारों को साफ पेयजल, टॉयलेट और रोशनी की व्यवस्था करनी होगी। फर्स्ट एड की सुविधा भी देनी होगी।

इसके लिए जिला स्पोर्ट्स ऑफिसर, शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जिला पुलिस ट्रेनिंग सेंटर और मान्यता प्राप्त स्पोर्ट्स ऑर्गनाइजेशन से सहयोग लेने के निर्देश दिए गए हैं। मिशन खाकी’ के तहत पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को मैदान देने की मांग की गई थी। गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने 27 अक्टूबर को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को लेटर लिखकर इस बारे में फैसला लेने का अनुरोध किया था। इसके बाद नगर विकास विभाग ने इस संबंध में सर्कुलर जारी किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार