महाराष्ट्र में प्याज किसानों को राहत, मंत्री भुजबल ने दिया मार्केट कमेटियों को निर्देश
मुंबई, 06 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के खाद्य व नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने निर्देश दिया है कि नेफेड और एनसीसीएफ कृषि उपज मार्केट कमेटियों में किसानों से सीधे प्याज खरीदें और केंद्र सरकार के मंजूर किए गए खरीद लक्ष्य को 30 जून, 2026 तक पूरा करने के लिए प्रक्रिया में तेजी लाएं।
मंत्री भुजबल ने पीएसएफ प्याज अभियान 2026-27 के तहत आयोजित बैठक में संबंधित अधिकारियों और मार्केट कमेटियों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सामने प्याज उत्पादक किसानों की समस्याएं रखने के बाद, प्याज खरीदने के कई क्राइटेरिया में ढील दी गई है और मार्केट कमेटियों के जरिए खरीदने की मंजूरी दी गई है। साथ ही मार्केट फीस में छूट मिलने से खरीद प्रोसेस आसान हो गया है।
भुजबल ने निर्देश दिया कि मार्केट कमेटियां तुरंत प्याज खरीदने के सेंटर शुरू करें और ग्रेडिंग और सॉर्टिंग मशीनों का इस्तेमाल बढ़ाएं। 1 जून तक केवल 1.55 मीट्रिक टन प्याज़ खरीदा गया है और टारगेट 2 लाख मीट्रिक टन है। उन्होंने कहा कि बेमौसम बारिश से उपज की गुणवत्ता पर असर पड़ा है, इसलिए केंद्र ने ग्रेड-A के नियमों में ढील दी है। इसलिए गुणवत्ता परीक्षण के दौरान बेवजह रिजेक्ट नहीं किया जाना चाहिए। भुजबल ने कहा कि अगर आवश्कता पड़ी, तो हम प्याज खरीदने के लक्ष्य़ को बढ़ाने के लिए केंद्र से बात करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

