पुलिस भर्ती में युवतियों को बड़ी राहत : पीरियड के कारण नहीं छूटेगा मौका, मिलेगी 5-6 दिन की मोहलत
मुंबई, 20 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहीं युवतियों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि शारीरिक परीक्षा के दिन मासिक धर्म आने पर
उनका अवसर छूटेगा नहीं। गृह राज्यमंत्री योगेश कदम ने बताया कि ऐसी स्थिति में स्वास्थ्य जांच के बाद युवतियों को पांच से छह दिन की अतिरिक्त मोहलत दी जाएगी।
उन्हाेंने कहा कि पुलिस दल में शामिल होने के लिए कई युवतियां महीनों मैदान पर पसीना बहाकर तैयारी करती हैं। लेकिन टेस्ट के दिन मासिक धर्म के कारण उनकी मेहनत बेकार जाने का डर रहता है।
स्त्री रोग विशेषज्ञों के अनुसार, हर युवती को होने वाली तकलीफ अलग होती है। मासिक धर्म के दौरान अन्य परेशानियाें के साथ थारीरिक कमजाेरी हाे सकती है। इसका असर 100 मीटर और 800 मीटर की दौड़, गोला फेंक और लंबी कूद जैसे टेस्ट के प्रदर्शन पर पड़ सकता है। तैयारी कर रही युवतियों ने सरकार के फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि केवल मासिक धर्म के कारण किसी का मौका नहीं छूटना चाहिए। यह प्राकृतिक प्रक्रिया है और इससे पुलिस बनने का सपना देखने वाली युवतियों की मेहनत के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी

