home page

बिजली गुल होने से मिलेगी राहत, बेस्ट के चार स्टेशनों का होगा आधुनिकीकरण

 | 

मुंबई, 07 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण मुंबई के लोगों को आए दिन बार-बार बिजली गुल से राहत मिलेगी। बेस्ट उपक्रम ने बिजली आपूर्ति को दुरुस्त करने के लिए बैकबे, नरीमन पॉइंट, खेतवाड़ी और आंबेडकर रोड स्थित बेस्ट के चार स्टेशन अत्याधुनिक बनाने का निर्णय लिया है।

ये चारों स्टेशन पिछले करीब दो दशकों से अधिक समय से लगातार चल रहे हैं, जिसके कारण इनके कलपुर्जे काफी पुराने और घिसे-पिटे हो चुके हैं। हाल के दिनों में बैकबे स्टेशन पर बस बार का खराब होना और डॉ. आंबेडकर स्टेशन पर ट्रांसफार्मर का अचानक बैठ जाना इसी तकनीकी कमजोरी का परिणाम था। ऐसी घटनाओं से शहर के इस बेहद अहम हिस्से में बिजली गुल होने का खतरा लगातार बढ़ रहा था। पुराने इन रिसीविंग स्टेशनों के बुनियादी ढांचे, नई मशीनरी और देखरेख का पूरा खर्च टाटा पावर उठाएगी, जिससे खस्ताहाल वित्तीय स्थिति से जूझ रहे बेस्ट प्रशासन के 350 करोड़ रुपए बचेंगे। इस पूरे आधुनिकीकरण के बाद भी उपभोक्ताओं के टैरिफ में कोई बदलाव नहीं होगा। ग्राहकों पर बिजली बिल का भार नहीं आएगा।

जमीन और पूरे परिसर का मालिकाना हक पूरी तरह से बेस्ट के पास ही सुरक्षित रहेगा। टाटा पावर को केवल बिजली पारेषण के सीमित अधिकार दिए जाएंगे। कंपनी इस जमीन को किसी अन्य पक्ष को न तो गिरवी रख सकती है और न ही आगे पट्टे पर दे सकती है। साथ ही बेस्ट के अधिकारियों को स्टेशन की नियमित जांच और निगरानी करने का पूरा हक बना रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार