राऊत पर दर्ज हो आपराधिक मामला- नवनाथ बन
मुंबई, 24 अक्टूबर (हि.स.)। 500 करोड़ रुपये के ऑडियो क्लीप के मामले में भाजपा पर आरोप लगाने वाले शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राऊत पर भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि एआई की मदद से राऊत के वॉर रूम में ऑडियो क्लीप बनाई गई और छत्रपति संभाजी नगर के एक व्यक्ति के जरिए जरांगे पाटिल तक उसे पहुंचाया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से राऊत के खिलाफ तुरंत केस दर्ज करने और उनकी गहन जांच करने की मांग की है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बन ने कहा कि पिछले तीन दिनों से 500 करोड़ रुपये के एक फर्जी ऑडियो क्लिप की चर्चा है। संजय राऊत की टीम पिछले करीब दो महीने से इस ऑडियो क्लिप को बनाने पर काम कर रही थी। इसके लिए इस बात की पूरी संभावना है कि इस ऑडियो क्लिप में जिन लोगों की आवाजें हैं, उनके YouTube से ऑडियो सैंपल लेकर यह ऑडियो क्लिप बनाई गई हो। राऊत ने यह साजिश इन तीनों की इमेज खराब करने के लिए रची थी, क्योंकि वह भाजपा, एकनाथजी शिंदे और मनोज जरांगे पाटिल को नुकसान पहुंचाना चाहते थे। सामना के एडिटोरियल ऑफिस में बैठकर राऊत ने खुद ही पूरी स्क्रिप्ट लिखी कि किसके क्या डायलॉग होने चाहिए। उस स्क्रिप्ट के अनुसार शुरू में वह 100 करोड़ का जिक्र करना चाहते थे। लेकिन यदि 500 करोड़ का ऑडियो क्लिप बनता है, तो इसकी गंभीरता बढ़ जाएगी और मीडिया में इस मुद्दे पर चर्चा होगी। इसलिए ऱाऊत ने रकम को 100 करोड़ की जगह 500 करोड़ कर दिया।
बन ने कहा कि ऑडियो क्लिप के गुनहगार, मास्टरमाइंड और सुप्रीम लीडर खुद राऊत हैं। मुझे यह भी जानकारी है कि यह वॉर रूम वाशी इलाके में बनाया गया था। इस संबंध में राऊत की तुरंत जांच की जाए। यह सारी साजिश राऊत के जरिए जरांगे पाटिल, भाजपा व एकनाथ शिंदे के बीच लड़ाई लगाने, रिश्ते खराब करने और उन्हें बदनाम करने के लिए रची गई है। राऊत ने भाजपा को बदनाम करने के लिए राहुल गांधी से सुपारी ली है। न्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में राऊत लगातार राहुल गांधी के एजेंडे को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। राऊत अच्छी तरह जानते थे कि इस ऑडियो क्लिप से सिर्फ़ दो पार्टियों, ठाकरे सेना और कांग्रेस को फायदा होगा। लिहाजा यह जांचना जरूरी है कि क्या उन्होंने राहुल गांधी से कोई फंडिंग भी ली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

