नागपुर में बगावतः नीतेश कराले छह साल के लिए निलंबित
मुंबई, 22 अक्टूबर (हि.स.)। विधान परिषद की नागपुर स्नातक सीट से एनसीपी (एसपी) से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले नीतेश कराले (गुरूजी) को पार्टी से छह साल के लिए निलंबित करने का फैसला लिया गया है। उन्होंने महाविकास आघाड़ी के अधिकृत उम्मीदवार अभिजीत गोविंदराव वंजारी के खिलाफ पर्चा भरा है।
एनसीपी (एसपी) की ओर से जानकारी दी गई है कि पार्टी अनुशासन खिलाफ जाकर नामांकन भरने और शरद पवार का समर्थन होने का झूठा प्रचार करने के आरोप में कराले पर यह कार्रवाई की गई है। कराले ने महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार अभिजीत वंजारी के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला करके पार्टी अनुशासन को तोड़ा है। पार्टी ने उन पर मतदाताओं में यह गलतफहमी पैदा करने का भी आरोप लगाया है कि शरद पवार उन्हें समर्थन दे रहे हैं।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पार्टी ने साफ किया है कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं के कहने पर कराले के खिलाफ छह साल की निलबंन की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

