2029 का चुनाव वाराणसी से लड़ने को तैयार- आदित्य ठाकरे
मुंबई, 01 जून (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) के विधायक आदित्य ठाकरे ने कहा है कि साल 2029 में वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी संसदीय क्षेत्र से भी चुनाव लड़ने को तैयार हैं। बुधवार विधानभवन में मीडिया से बातचीत करते हुए आदित्य ने कहा कि यदि उन्हें चुनौती दी गई तो वे वाराणसी से भी चुनाव लड़ने को तैयार हैं।
विधान परिषद के नवनिर्वाचित उपसभापति सचिन अहीर के शिंदे गुट में शामिल होने के मुदे पर पूछे जाने पर आदित्य ने कहा कि वर्ली भी हमारा गढ़ है और हमारी पार्टी यहां से फिर चुनाव जीतेगी। उन्होंने इस दौरान भाजपा व उसकी सहयोगी दलों पर जमकर निशाना साधा। उनके मुताबिक़ हिंदुत्व का विरोध करने वाले लोग भाजपा और शिंदे के साथ जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि साल 2029 में देश की सत्ता में परिवर्तन होकर रहेगा। जिन लोगों ने अयोध्या में भगवान राम के नाम पर दिए गए चंदे की चोरी की है. जिस तरह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनके परिवार द्वारा उज्जैन (महाकाल मंदिर और नए हाईवे प्रोजेक्ट्स) के पास जमीन खरीदने का घोटाला किया गया है, इससे भाजपा की पोल खुल गई है। भगवान के नाम पर घोटाला करने वालों को देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। भाजपा का हिंदुत्व ब्रांड नकली है। सत्ताधारी दल का असली एजेंडा प्रसिद्द मंदिरों के दान और उसकी आस - पास की जमीनों पर कब्ज़ा हासिल करना है। जिस भाजपा ने राम मंदिर मुद्दे पर 'रथ यात्रा' निकाली थी, आज अयोध्या में दान की लूट व जमीन की चोरी और घोटाले कर रही है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
आदित्य ने कहा कि यह हमारे सांसदों व विधायक को तोड़ने के लिए यह ऑपरेशन टाइगर नहीं है, बल्कि यह ऑपरेशन देवेंद्र हैं। इसके तहत देवेंद्र फडणवीस को दिल्ली में केंद्र में जगह देकर एकनाथ शिंदे को महाराष्ट्र का नया मुख्यमंत्री बनाने की साजिश चल रही है। यह मानसून सत्र मुख्यमंत्री फडणवीस के लिए आखिरी सत्र साबित हो सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

